खैरागढ़. जिले के ग्राम बघमर्रा में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान लीलाधर वर्मा, पिता संतुराम वर्मा, निवासी ग्राम बघमर्रा के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार लीलाधर वर्मा शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर के बाथरूम में नहाने गया था। नहाने के बाद वह बाथरूम से बाहर निकला और आंगन में कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए लोहे के तार पर अपने गीले कपड़े सुखाने लगा। बताया जा रहा है कि लोहे के उस तार में विद्युत प्रवाह हो रहा था। जैसे ही गीला कपड़ा तार के संपर्क में आया, लीलाधर करंट की चपेट में आ गया और तार से चिपक गया।
काफी देर तक लीलाधर को तार पकड़े हुए देखकर पत्नी ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसकी पत्नी ने उसे छुड़ाने के लिए जैसे ही हाथ लगाया, उसे भी करंट का तेज झटका लगा और वह दूर जा गिरी। उसने तत्काल घर में मौजूद अन्य परिजनों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद लीलाधर के पिता संतुराम वर्मा ने तुरंत घर का मेन स्विच बंद किया। बिजली का कनेक्शन कटते ही लीलाधर तार से अलग होकर नीचे जा गिरा। गंभीर हालत में परिजन उसे तत्काल सिविल अस्पताल खैरागढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बारिश में बढ़ जाता है खतरा
बारिश के मौसम में घरों में बिजली के खुले तार, लोहे की वस्तुओं और गीले कपड़ों के संपर्क में आने से करंट लगने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में कपड़े सुखाने के लिए लोहे के तार का इस्तेमाल करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बिजली के संपर्क की आशंका वाले तारों पर गीले कपड़े डालने से बचना चाहिए।
लीलाधर की आकस्मिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इस घटना के बाद पूरे ग्राम बघमर्रा में शोक का माहौल है।


