खैरागढ़. ग्राम पंचायत देवरी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। आयोजन का उद्देश्य पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण तथा आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने के साथ सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद सदस्य एवं पांडादाह मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा महेश्वरी वर्मा रहीं। इस अवसर पर सरपंच, पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने सहभागिता की। इस दौरान ‘हर घर मुनगा अभियान’ के तहत ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया गया। मुनगा की पत्तियों और फलियों में पाए जाने वाले पोषक तत्वों की जानकारी देते हुए इन्हें नियमित भोजन में शामिल करने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान मुनगा पौधरोपण भी किया गया।
संतुलित आहार से बच्चों को कुपोषण से बचाने पर जोर
मुख्य अतिथि महेश्वरी वर्मा ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तभी प्रभावी रूप से लोगों तक पहुंचेगा, जब ग्रामीणों को उनकी जानकारी और उपयोग की सही जानकारी होगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए परिवारों को उनके खान-पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। संतुलित एवं पौष्टिक आहार बच्चों को कुपोषण से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने गर्भवती माताओं से भी नियमित रूप से पौष्टिक भोजन लेने तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को पोषण, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास से जुड़ी सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए सामुदायिक सहयोग का संदेश दिया गया।


