खैरागढ़. सुशासन तिहार 2026 के तहत सोमवार को विकासखंड के ग्राम पंचायत कुकुरमुड़ा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जहां ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी हितग्राहियों को प्रदान किया गया। शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभान्वित महिलाओं को पक्के मकान की चाबी सौंपे जाने का भावुक क्षण भी देखने को मिला। वर्षों से अपने घर का सपना संजोए महिलाओं ने चाबी प्राप्त कर शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह का ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने बताया कि सुशासन तिहार के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी गांव तक पहुंच रहे हैं, जिससे योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ-साथ समस्याओं का त्वरित निराकरण भी हो रहा है। इस पर संतोष व्यक्त करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद तथा विश्वास का मजबूत माध्यम बन रहा है।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयासरत हैं, जो प्रशंसनीय है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच कर उसका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को बिना किसी देरी के योजनाओं का लाभ मिले।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और आम नागरिकों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर विभागीय अधिकारियों को सही और पारदर्शी जानकारी देनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत पाए जाने पर संबंधित अधिकारी जवाबदेह होंगे। उन्होंने अधिकारियों से शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार करने की भी अपील की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, विकेश गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ प्रेमकुमार पटेल, जमुना कुर्रे, देवकुमार सेन, हरप्रसाद वर्मा, दीक्षा गुप्ता, केशव चंदेल, पूर्णाचंद गुप्ता, गजेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार के इस शिविर ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि शासन की योजनाएं तब सार्थक होती हैं, जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है और प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सीधे उनके बीच पहुंचकर संवाद स्थापित करता है।

