खैरागढ़. महाशिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर नगर में आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण है। महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर का प्राचीन वीरेश्वर महादेव मंदिर भक्ति और आस्था का प्रमुख केंद्र रहेगा। पर्व से पूर्व ही मंदिर समिति एवं श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। मंदिर परिसर को सुगंधित गेंदे के फूलों से आकर्षक ढंग से संवारा गया है, वहीं मुख्य प्रवेश द्वार को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाकर भक्तों के स्वागत की विशेष तैयारी की गई है।

मंदिर समिति के अनुसार, महाशिवरात्रि पर प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दूर-दराज़ क्षेत्रों से भगवान शिव के दर्शन-पूजन हेतु पहुंचते हैं। इस बार भी जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्वयंसेवकों की तैनाती, दर्शन व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है।

इसके साथ ही मंदिर समिति द्वारा कल भक्तों के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई है, ताकि दर्शन के उपरांत श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर सकें। महाशिवरात्रि को लेकर पूरे नगर में श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का माहौल है, और प्राचीन वीरेश्वर महादेव मंदिर इस पावन पर्व पर आस्था के संगम का साक्षी बनेगा।




