खैरागढ़. स्वास्थ्य विभाग खैरागढ़ ब्लॉक में करीब 33 वर्षों की सेवा के बाद सुपरवाइजर मो. सगीर कुरैशी सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में स्वास्थ्य विभाग के सेक्टर अमलीडीह कला द्वारा विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सगीर कुरैशी को मुख्य अतिथि बनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सहकर्मियों ने उनके लंबे और सफल सेवाकाल के साथ आत्मीय व्यवहार को याद किया तो कई कर्मचारी भावुक हो उठे और उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान, कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला केसीजी के संरक्षक दिलीप बैस, जिला संयोजक प्रखर शरण सिंह, इकरा फाउंडेशन अध्यक्ष एवं व्यापारी संघ खैरागढ़ कोषाध्यक्ष खलील कुरैशी, इकरा फाउंडेशन कोषाध्यक्ष शमशुल होदा खान, जिला पत्रकार संघ उपाध्यक्ष एवं इकरा फाउंडेशन सचिव मो. याहया नियाजी, राजनांदगांव की वरिष्ठ स्टाफ नर्स बिंदु श्रीवास, स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय कर्मचारी संघ जिला केसीजी अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह मरकाम, रज्जब खान और शेफाली सिंह शामिल रहे।
32 साल की सेवा को कभी नहीं भूल सकते : डॉ. विवेक बिसेन
डॉ. विवेक बिसेन ने कहा कि सगीर कुरैशी ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण 32 वर्ष स्वास्थ्य विभाग को दिए, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि पहले आवागमन बेहद कठिन था और कई तरह की अड़चनें थीं, इसके बावजूद सगीर कुरैशी ने पूरी जिम्मेदारी और सफलता के साथ काम किया। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि सगीर कुरैशी से सीख लेने की जरूरत है। बड़ी से बड़ी समस्या का वे सहजता से समाधान निकाल लेते थे। डॉ. बिसेन ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
सम्मान और प्यार को कभी नहीं भूलूंगा : सगीर कुरैशी
विदाई समारोह के मुख्य अतिथि एवं सेवानिवृत्त सुपरवाइजर मो. सगीर कुरैशी ने भावुक होकर कहा कि “आप लोगों ने मुझे जो सम्मान और प्यार दिया है, उसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा।” उन्होंने बताया कि 6 जनवरी 1994 को इसी स्थान पिपरिया में उनकी पहली पोस्टिंग हुई थी और 32 साल 7 माह 25 दिन की सेवा के बाद वहीं से सेवानिवृत्त हुए।

उन्होंने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले स्वास्थ्य सेवाओं के दौरान बहुत सारी सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, लेकिन अब मोबाइल नेटवर्क का दौर है और काम भी काफी बढ़ गया है। उन्होंने नौकरी के दौरान अल्प साधनों और संघर्ष के दिनों को याद किया तथा स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपने अनुभव कर्मचारियों के साथ साझा किए।

सगीर कुरैशी ने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों और मितानिनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा के दौरान वे जो कुछ बेहतर कर पाए, उसमें उनकी पत्नी का बड़ा योगदान रहा, क्योंकि उन्होंने हर कदम पर उनका पूरा साथ दिया।
समय के पाबंद और महान व्यक्तित्व के धनी रहे : प्रखर शरण सिंह
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला केसीजी के जिला संयोजक प्रखर शरण सिंह ने कहा कि सगीर कुरैशी महान व्यक्तित्व के धनी हैं और हमेशा समय के पाबंद रहे। उन्होंने उनके सफल सेवाकाल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका मार्गदर्शन जिला अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन संगठन को मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि सेवा अवधि में सगीर कुरैशी ने बेहतरीन कार्य किया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उनके कार्यों से स्वास्थ्य कर्मचारियों को प्रेरणा लेनी चाहिए : याहया नियाजी
जिला पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष मो. याहया नियाजी ने कहा कि सगीर कुरैशी का व्यक्तित्व शानदार रहा है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को उनके सफल कार्यों और सेवाभाव से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सगीर कुरैशी सेवानिवृत्त जरूर हुए हैं, लेकिन उनकी जगह कोई नहीं भर सकता। याहया नियाजी ने खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन द्वारा स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे बेहतर कार्यों की भी सराहना की।

वहीं कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला केसीजी के संरक्षक दिलीप सिंह बैस ने सगीर कुरैशी के सेवाकाल को शानदार बताते हुए उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद सफल एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों ने भी संबोधित किया और सगीर कुरैशी के यादगार कार्यकाल को स्मरण करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
विदाई समारोह में स्वास्थ्य विभाग से सेक्टर सुपरवाइजर कीर्तन चंद्रवंशी, दीनदयाल चंद्रवंशी, मोतीलाल पाल, प्रेम लाल पाल, पुसुदास जोशी, पेमिन शर्मा, आर. साहू, शिवकुमारी चंद्राकर, शकुंतला चौहान, भुनेश्वरी कौशिक और पुष्पा सोरी मौजूद रहे। सेक्टर अमलीडीह कला से राजेन्द्र उइके, हिरेंद्र वर्मा, मनीषा साहू, जमुना साहू, प्रियंका वर्मा और तामेश्वरी वर्मा सहित सेक्टर के समस्त एमटीवी एवं मितानिन भी उपस्थित रहीं।


