खैरागढ़. भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व महामंत्री तथा निर्मल त्रिवेणी महाअभियान के मार्गदर्शक लक्ष्मीचंद आहूजा का आकस्मिक निधन हो गया। देर रात हृदयगति रुकने से 61 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से खैरागढ़ के राजनीतिक, सामाजिक एवं सार्वजनिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
लक्ष्मीचंद आहूजा लंबे समय से भाजपा संगठन और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। संगठन में उन्होंने कुशल रणनीतिकार, समर्पित बूथ कार्यकर्ता और स्पष्ट वक्ता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। खैरागढ़ के शहरी क्षेत्र में भाजपा संगठन को मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है।
उनका सहज व्यवहार, बेबाक व्यक्तित्व, संगठन के प्रति समर्पण और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता हमेशा याद की जाएगी।
आहूजा अपने पीछे पुत्री डॉ. नीता आहूजा, जो मेकाहारा रायपुर में पदस्थ हैं, तथा पुत्र शिवम् आहूजा, जो नीट की तैयारी कर रहे हैं, सहित शोकाकुल परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए शुभचिंतकों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


