खैरागढ़. नगर पालिका खैरागढ़ में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मद से करीब 1 करोड़ 31 लाख रुपए की लागत से खरीदी गई तीन स्काई लिफ्ट मशीनें अब खरीदी प्रक्रिया और गुणवत्ता को लेकर सवालों के घेरे में आ गई हैं। मशीनों की खरीदी को लेकर शिकायत सामने आने के बाद मामला गरमा गया है। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने अपर कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने जांच पूरी होने तक संबंधित मशीनों के भुगतान पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि नगर पालिका द्वारा तीन स्काई लिफ्ट मशीनों की खरीदी की गई है और इस मामले की जांच के लिए समिति भी गठित की गई है। ऐसे में शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि जब खरीदी प्रक्रिया, मशीनों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर जांच अभी पूरी नहीं हुई है, तो संबंधित मशीनों के भुगतान में जल्दबाजी क्यों की जा रही है।
जांच रिपोर्ट से पहले भुगतान पर सवाल
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि जब तक जांच समिति अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर देती, तब तक मशीनों का किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि स्काई लिफ्ट मशीनों की खरीदी निर्धारित प्रक्रिया के तहत हुई है या नहीं और मशीनें तय गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों पर खरी उतरती हैं या नहीं।
उन्होंने अपर कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष और पूरी जांच सुनिश्चित कराने तथा जांच पूरी होने तक भुगतान रोकने के लिए आवश्यक आदेश जारी करने का आग्रह किया। साथ ही जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई है।
इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, दीपक देवांगन, शेखर दास, रतन सिंगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


