खैरागढ़. सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र, ग्राम अकरजन में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों, हितग्राहियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान पोषण, स्वास्थ्य, शासन की योजनाओं और आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी रहीं। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष बिशेसर साहू, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, जनपद सदस्य शैलेन्द्र मिश्रा, शैलेन्द्र त्रिपाठी, परियोजना अधिकारी खैरागढ़ रंजना श्रीवास्तव, सरपंच, पंच एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। वहीं बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘स्वस्थ लइका’ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं के माध्यम से रचनात्मकता के साथ बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों को दी गई। हितग्राहियों ने शासन से प्राप्त राशि का किस प्रकार उपयोग किया, इसकी जानकारी भी साझा की। इससे योजनाओं के माध्यम से मिलने वाले लाभ और उनके उपयोग को लेकर उपस्थित लोगों को जानकारी मिली।
सेवाभावी कार्यकर्ताओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन का सम्मान किया गया। अतिथियों ने ग्रामीण एवं समुदाय स्तर पर महिलाओं और बच्चों तक पोषण, स्वास्थ्य तथा विभागीय सेवाएं पहुंचाने में उनकी भूमिका की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन जमीनी स्तर पर शासन की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

इस दौरान जनपद सदस्य शैलेन्द्र मिश्रा ने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को खिलौने दान किए। खिलौने मिलने से बच्चों में उत्साह देखा गया। अतिथियों ने बच्चों को खेल एवं गतिविधियों के माध्यम से सीखने के लिए प्रोत्साहित किया।
‘हर घर मुनगा’ का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी परिसर में मुनगा के पौधे का रोपण किया गया। अतिथियों ने मुनगा को पोषण से जोड़ते हुए ग्रामीणों को अपने घरों में भी मुनगा के पौधे लगाने और इसके उपयोग को दैनिक आहार का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
योजनाओं की जानकारी हर पात्र परिवार तक पहुंचे : राजेश्री त्रिपाठी
मुख्य अतिथि राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों और माताओं के पोषण, स्वास्थ्य एवं विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाओं का आधार हैं। शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब उनकी जानकारी प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे और हितग्राही उनका सही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य देखभाल और बेहतर संस्कार जरूरी हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा ‘हर घर मुनगा’ अभियान को जनअभियान बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर-घर मुनगा के पौधे लगाकर परिवार अपने स्तर पर भी पोषण को मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिनों के सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि इनकी मेहनत से शासन की योजनाएं गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शासन की योजनाओं तथा सामुदायिक सहभागिता को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए परिवार, आंगनबाड़ी और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया गया।


