खैरागढ़. जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के नेतृत्व में जिला भाजपा एवं विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, भाजपा जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता रायपुर पहुंचे। यहां कलर्स मॉल में बाबा नीम करौली के जीवन पर आधारित बहुचर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म प्रदर्शन के दौरान पूरा पिक्चर हॉल ‘जय श्रीराम’ और ‘जय श्री हनुमान’ के जयघोष से गूंजता रहा। कार्यकर्ताओं में फिल्म को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

फिल्म देखने के बाद सभी कार्यकर्ता विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निवास पहुंचे। यहां पूर्व सांसद अभिषेक सिंह से मुलाकात की। इसके बाद सभी मुख्यमंत्री निवास पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात हुई।
इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष खैरागढ़-छुईखदान-गंडई मार्ग की अत्यंत जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग करते हुए बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं, निर्माणाधीन सिद्ध बाबा जलाशय से निकलने वाली नहर का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के सामने रखा गया। विक्रांत सिंह ने बताया कि नहर का लाभ छुईखदान क्षेत्र के कुछ गांवों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने इन ग्रामों तक भी नहर पहुंचाने की मांग की, ताकि संबंधित क्षेत्रों के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके।
जनप्रतिनिधियों ने सौंपे अपने-अपने क्षेत्र के मांग पत्र
विक्रांत सिंह के साथ रायपुर पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के विकास कार्यों से संबंधित मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रखा। नगर पालिका अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सभापति, जनपद सदस्य और सरपंचों ने अपने-अपने क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं विकास कार्यों से संबंधित मांग पत्र मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सौंपे।

जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में सड़क, सिंचाई सहित विभिन्न विकास कार्यों की जरूरतों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनप्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सभी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं को देखकर गदगद हुए सीएम साय
मुख्यमंत्री निवास पर एक साथ सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को देखकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गदगद नजर आए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और आगामी नगर पालिका चुनाव में भाजपा की जीत के लिए पूरी मेहनत और एकजुटता के साथ जुटने का आह्वान किया।

विक्रांत सिंह के नेतृत्व में हुए इस रायपुर प्रवास में जहां कार्यकर्ताओं ने धार्मिक भावना के साथ ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखी, वहीं वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के साथ क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर भी मिला। जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की मांगें सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखने और उनके निराकरण का भरोसा मिलने से कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।

