रायपुर. छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए शासकीय, अनुदान प्राप्त एवं गैर अनुदान प्राप्त स्कूलों के साथ-साथ डी.एड., बी.एड. एवं एम.एड. महाविद्यालयों में दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश की घोषणा कर दी है। स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से 21 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार विद्यार्थियों और शिक्षण संस्थानों को कुल 15 दिनों का अवकाश मिलेगा।
जारी आदेश के मुताबिक दशहरा अवकाश 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक रहेगा। इस दौरान कुल 5 दिन स्कूल बंद रहेंगे। इसके बाद दीपावली अवकाश 6 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक निर्धारित किया गया है, जिसमें भी विद्यार्थियों को लगातार 5 दिनों की छुट्टी मिलेगी।
इसी तरह वर्ष के अंत में शीतकालीन अवकाश 24 दिसंबर से 28 दिसंबर 2026 तक रहेगा। यह अवकाश भी कुल 5 दिनों का होगा। इस तरह तीनों अवकाशों को मिलाकर शिक्षा सत्र 2026-27 में कुल 15 दिनों की छुट्टियां निर्धारित की गई हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ये अवकाश शिक्षा सत्र 16 जून 2026 से 31 मार्च 2027 की अवधि के लिए घोषित किए गए हैं। आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव रमेश्वर प्रसाद वर्मा के डिजिटल हस्ताक्षर से जारी किया गया है।
अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए छुट्टियों की तारीखें पहले से स्पष्ट होने से त्योहारी और शीतकालीन अवकाश की तैयारी आसान होगी।



