खैरागढ़. खैरागढ़ में आगामी 23 सितंबर को बर्फानी धाम राम मंदीर टिकरापारा खैरागढ़ में तीज महोत्सव एवं मितानिन सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन जिला महिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में किया जाएगा। समारोह में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बालोद विधायक संगीता सिन्हा प्रमुख अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता खैरागढ़ विधानसभा विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा करेंगी। कार्यक्रम मंर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल दास साहू, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, संदीप सिरमौर, रामकुमार पटेल, शत्रुहन चंदेल एवं तेजराम वर्मा सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार खैरागढ़ आगमन
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद संगीता सिन्हा के पहली बार खैरागढ़ आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनके स्वागत एवं सम्मान की तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना है।
स्वास्थ्य सेवाओं में मितानिनों की अहम भूमिका
तीज महोत्सव के साथ आयोजित मितानिन सम्मान समारोह का उद्देश्य ग्रामीण एवं सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मितानिनों के योगदान को सम्मान देना है। मितानिनें गर्भवती महिलाओं की देखभाल, प्रसव संबंधी जागरूकता, टीकाकरण, मलेरिया, टीबी, निमोनिया, डायरिया, पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता सहित विभिन्न कार्यों में अपनी सेवाएं देती हैं।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती महोबिया ने बताया कि तीज महोत्सव के माध्यम से महिला सहभागिता के साथ मितानिन दीदियों के योगदान को सम्मानित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य व्यवस्था में मितानिनों की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनके कार्यों को सम्मान देना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।


