खैरागढ़. जिला साहू संघ महिला प्रकोष्ठ एवं मां कर्मा महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में कर्मा धाम में हरितालिका तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में महिलाओं ने विभिन्न खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साहू संघ अध्यक्ष टीलेश्वर साहू ने की।
महोत्सव में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार, पूर्णिमा साहू, नगर अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, उमा चौबे, अंजू साहू और प्रीति यादव सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
खेल प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें कबड्डी, मटका फोड़, कुर्सी दौड़ और गोली-चम्मच दौड़ सहित अन्य प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। जिले के विभिन्न मंडलों से पहुंची महिलाओं ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के समापन के बाद विजेता प्रतिभागियों को महिला मंडल की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जिले की एकमात्र ड्रोन दीदी ने किया ड्रोन का प्रदर्शन
महोत्सव के दौरान जिले की एकमात्र ड्रोन दीदी ने ड्रोन का प्रदर्शन भी किया। ड्रोन के प्रदर्शन को देखने के लिए कार्यक्रम में मौजूद लोगों में खासा उत्साह रहा। महिलाओं के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में आधुनिक तकनीक का यह प्रदर्शन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।
एकजुटता और मेल-जोल को बढ़ावा देने वाले आयोजन जरूरी : यशोदा वर्मा
मुख्य अतिथि विधायक यशोदा वर्मा ने महिला प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को एक मंच प्रदान करने के साथ ही समाज में आपसी मेल-जोल और एकजुटता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने परिवार और समाज में इसी तरह आपसी एकजुटता बनाए रखने की बात कही।
कार्यक्रम की संयोजक सुशीला साहू और अध्यक्ष पार्वती साहू सहित जिला साहू संघ के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और महोत्सव उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।


