खैरागढ़. छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश का असर गणेशोत्सव के अंतिम चरण पर भी पड़ा है। लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं और बाढ़ का संकट गहराने लगा है। इसका असर अनंत चतुर्दशी पर होने वाले झांकी और विसर्जन कार्यक्रमों पर भी दिखाई दिया।
राजनांदगांव में शुक्रवार को निकलने वाली प्रसिद्ध गणेश झांकी को लगातार बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए समितियों की बैठक में स्थगित करने का निर्णय लिया गया। अब राजनांदगांव की झांकी शनिवार को निकाली जाएगी। राजनांदगांव की झांकियां खैरागढ़ में होने वाले विसर्जन कार्यक्रम का भी प्रमुख हिस्सा होती हैं। ऐसे में राजनांदगांव की झांकी स्थगित होने के बाद खैरागढ़ में शनिवार को प्रस्तावित झांकी विसर्जन कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया है।
अब खैरागढ़ में राजनांदगांव की झांकी निकलने के अगले दिन यानी रविवार को झांकी निकाली जाएगी। इसके साथ ही गणेशोत्सव के अंतिम चरण का कार्यक्रम एक दिन आगे बढ़ गया है।
लगातार बारिश, जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। शुक्रवार को होने वाले कार्यक्रम के स्थगित होने के बाद अब शनिवार को राजनांदगांव और रविवार को खैरागढ़ में झांकी आयोजन होगा। इससे श्रद्धालुओं में कार्यक्रम को लेकर बनी असमंजस की स्थिति भी साफ हो गई है।


