खैरागढ़. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को संवेदना प्रशिक्षण पुनर्वास केंद्र एवं दिव्यांग विद्यालय, खैरागढ़ में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उनके सत्य, अहिंसा, सेवा और सामाजिक समरसता के विचारों को याद किया गया।
कार्यक्रम में शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, यशेश ठाकुर, शहर महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनुभा चंद्राकर, गीता यादव, शेखर दास वैष्णव, रविंद्र सिंह अहिरवार, रणजीत सिंह ठाकुर एवं गोपी पटेल सहित विद्यालय की प्राचार्य ज्योति पटेल और विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
अतिथियों ने संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी का जीवन त्याग, सत्य और अहिंसा का प्रेरणास्रोत है। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। दिव्यांग विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान अतिथियों ने दिव्यांग विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने गांधीजी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।


