खैरागढ़. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की ओर से रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई। इसमें खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के दोनों विकासखंडों से 210 स्काउट, गाइड, रोवर, रेंजर, स्काउटर एवं गाइडर ने सहभागिता की।
जिले की सहभागिता जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह के नेतृत्व एवं निर्देशन में हुई। जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त उपेंद्र कुमार देवांगन, खैरागढ़ विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं पदेन सहायक जिला आयुक्त गाइड नीलम राजपूत तथा छुईखदान विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं पदेन सहायक जिला आयुक्त स्काउट प्रशांत चिर्तवकर के मार्गदर्शन में जिले के दल ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
सर्वधर्म प्रार्थना से दिया एकता और सद्भाव का संदेश
बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा में मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष गजेंद्र यादव, राज्यसभा सांसद एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा सहित अन्य अतिथि शामिल हुए। विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं के माध्यम से देश की एकता, सद्भाव, भाईचारे और सर्वधर्म समभाव का संदेश दिया गया।
गांधी-शास्त्री का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
इस अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि वर्तमान युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। गांधीजी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा का मार्ग दिखाया, वहीं शास्त्रीजी ने सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का आदर्श प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन का मूल उद्देश्य सेवा, अनुशासन, चरित्र निर्माण और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। सर्वधर्म प्रार्थना सभा जैसे आयोजन बच्चों और युवाओं में आपसी सम्मान, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने जिले के स्काउट-गाइड से गांधीजी और शास्त्रीजी के विचारों को अपने व्यवहार एवं सेवा कार्यों में उतारने का आह्वान किया।
जिले के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह, प्राचार्य कमलेश्वर सिंह, बीआरसी छुईखदान दुष्यंत शर्मा, जिला सचिव कृष्ण कुमार वर्मा, जिला संगठन आयुक्त स्काउट धनुष सिन्हा, जिला संगठन आयुक्त गाइड सरस्वती बांते, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट विशाल ठाकुर, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड शकुंतला ठाकुर, छुईखदान विकासखंड सचिव पौर्णिमा नेताम, खैरागढ़ विकासखंड सचिव सुनील गुनी सहित नीलू सिंह, द्वारिका प्रसाद जंघेल, कुशाल सिंह धुर्वे, शैलेन्द्र मानिकपुरी, राकेश कौशल, अश्वनी धुर्वे, मिथलेश पटेल, रुकम साहू, जयंत वर्मा, आशीष पटेल, शरद नेताम, अमर दास चेलक सहित सीनियर रोवर एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
सेवा और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान
दोनों विकासखंडों से बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर, स्काउटर एवं गाइडर की सहभागिता पर जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने सभी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सेवा और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाकर ही स्काउटिंग के मूल उद्देश्य को सार्थक किया जा सकता है। उन्होंने भविष्य में भी जिले के स्काउट-गाइड को सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, आपदा प्रबंधन एवं जनजागरूकता के कार्यों से जोड़ने की बात कही।


