खैरागढ़. नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के आगामी चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन की भूमिका और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने को लेकर मंथन हुआ। बैठक में नगर पालिका चुनाव प्रभारी एवं पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना, सहप्रभारी किरण साहू व ओमप्रकाश जोशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
विकास कार्यों के दम पर चुनाव लड़ेगी भाजपा : बाफना
चुनाव प्रभारी लाभचंद बाफना ने कहा कि भाजपा को देश की 140 करोड़ जनता का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जब-जब भाजपा की सरकार रही, तब-तब अभूतपूर्व विकास हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी तरह चुनाव मोड में आने और संगठन की परंपरा के अनुरूप मिल-जुलकर काम करने का आह्वान किया।
2023 की कसर नगर पालिका चुनाव में पूरी करने का आह्वान
सहप्रभारी किरण साहू ने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में हुई चूक के कारण क्षेत्र विकास में पिछड़ा। अब नगर पालिका चुनाव में भाजपा का अध्यक्ष बनाने के साथ अधिक से अधिक पार्षद जिताकर इस कमी को पूरा करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
धारा 370 और राम मंदिर को बताया भाजपा की नीयत का प्रमाण
सहप्रभारी ओमप्रकाश जोशी ने कहा कि चुनाव को किसी दबाव के बजाय उत्सव और त्योहार की तरह लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि जांबाज कार्यकर्ता ही चुनाव जिताते हैं। भाजपा जो वादा करती है, उसे पूरा करती है। केंद्र सरकार द्वारा धारा 370 हटाना और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।
साढ़े सात साल की कुव्यवस्था दूर करने का दावा
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि करीब 22 हजार आबादी वाले खैरागढ़ नगर पालिका में भाजपा की सरकार बनने के बाद लगातार सुधार हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े सात साल के कांग्रेस कार्यकाल में नगर पालिका की दुर्गति हुई, जिसे पिछले दो वर्षों से भाजपा के अध्यक्ष सुधारने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षित अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ईमानदारी से जुटना होगा।
विक्रांत सिंह ने भाजपा शासनकाल में निर्मित एनीकट, किल्लापारा में पुल निर्माण, इतवारी बाजार के विकास और सड़कों के निर्माण को भाजपा की विकास नीति का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि आगामी नगर पालिका चुनाव वर्ष 2023 में बनी भाजपा सरकार के कामकाज के प्रमाण पत्र के रूप में सामने आएगा।
कार्यक्रम का संचालन शशांक ताम्रकार ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन घम्मन साहू ने किया। बैठक में टी.के. चंदेल, दिनेश वर्मा, जैनेंद्र जंघेल, गिरजा चंद्राकर, नीलिमा गोस्वामी, डॉ. राजेश्री त्रिपाठी, विकेश गुप्ता, विनय देवांगन, कृष्णा वर्मा, आयश सिंह, आलोक श्रीवास, अनिल अग्रवाल, राजेश देवांगन, कमलेश कोठले, ज्योति जंघेल, वंदना टांडेकर, हर्षवर्धन वर्मा, अनीश सिंह, रामाधार रजक, गोरेलाल वर्मा, कीर्ति वर्मा, ऋषि सिंह, शैलेंद्र त्रिपाठी, अजय जैन और संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


