खैरागढ़. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए कांग्रेस ने सोमवार को खैरागढ़ जिला मुख्यालय में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने अंबेडकर चौक पर धरना दिया और इसके बाद विरोध मार्च निकालकर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई।

शाम करीब 6 बजे बड़ी संख्या में कांग्रेसजन अंबेडकर चौक पहुंचे। यहां खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा सहित कांग्रेस नेताओं ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कांग्रेसजन धरने पर बैठे। धरने के दौरान ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया गया। धरने के बाद अंबेडकर चौक से विरोध रैली निकाली गई, जिसमें राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर विरोध जताया गया।
विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश : यशोदा वर्मा
खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि राहुल गांधी देश के सबसे बड़े लोकतांत्रिक मंच पर विपक्ष की आवाज को मजबूती से उठा रहे हैं। उनके खिलाफ दुर्भावनापूर्ण तरीके से एफआईआर दर्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंताजनक है। कांग्रेस डरने वाली नहीं है और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
बदले की राजनीति स्वीकार नहीं : कोमल साहू
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल दास साहू ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध का जवाब एफआईआर और दबाव की राजनीति से नहीं दिया जाना चाहिए। राहुल गांधी के खिलाफ की गई कार्रवाई राजनीतिक दुर्भावना का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
जनता सब देख रही है : अरुण भारद्वाज
शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि राहुल गांधी जनता की आवाज बनकर सरकार से सवाल पूछ रहे हैं। उनकी आवाज को दबाने की कोशिश का कांग्रेस सड़क पर उतरकर जवाब देगी। खैरागढ़ में आयोजित विरोध रैली कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लोकतांत्रिक संकल्प को दर्शाती है।
संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी : मनराखन देवांगन
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए है। विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ता संवैधानिक मूल्यों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन में आकाश दीप सिंह गोल्डी, सज्जाक खान, सुदीप श्रीवास्तव, रिंकू गुप्ता, चंद्रेश यदु, नगर पालिका उपाध्यक्ष रज्जाक खान, जितेंद्र सिंह गौर, पुरुषोत्तम वर्मा, गुलाब चोपड़ा, पूरन सारथी, यतेंद्रजीत सिंह, संत निषाद, कोमल वर्मा, शेखरदास वैष्णव, किशन रजक, शिवा यादव और दीपक बैद सहित जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसजन और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेसजनों ने अंबेडकर चौक से विरोध मार्च निकालते हुए राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर का विरोध किया। साथ ही उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।


