खैरागढ़. आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला भारतीय जनता पार्टी कार्यालय खैरागढ़ में 16 अक्टूबर को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि भाजपा आगामी नगरीय निकाय चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ेगी। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार समाज के सभी वर्गों के हित में लगातार काम कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के दम पर पार्टी चुनाव में ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगी।
खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव प्रभारी एवं पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता अभी से पूरी मुस्तैदी के साथ चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने को प्राथमिकता बताते हुए कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक में घर-घर जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और आगामी चुनाव में एकजुटता के साथ मैदान में उतरने पर जोर दिया गया। उपस्थित वक्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए चुनाव में संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला भाजपा प्रभारी नलीनीश ठोकने, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू, नगरीय निकाय चुनाव सह प्रभारी ओमप्रकाश जोशी, श्रीमती किरण साहू, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष घम्मन साहू, जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार तथा मंडल भाजपा अध्यक्ष दिनेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


