खैरागढ़. छत्तीसगढ़ की बदहाल व्यवस्थाओं और जनसमस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर के माध्यम से प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में ज्ञापन दिया गया। खैरागढ़ में भी आप नेताओं ने विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल समाधान की मांग की।
आप नेताओं ने कहा कि एग्रीस्टेक पंजीयन और रकबा समर्पण के नाम पर किसानों के साथ धोखा बंद किया जाए। किसानों को इस वर्ष भी महंगी यूरिया खाद खरीदनी पड़ी है। उन्होंने आशंका जताई कि पिछले साल की तरह इस वर्ष किसानों को आत्महत्या जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना होने पर तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

पार्टी ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी और गिरते शैक्षणिक स्तर पर भी सवाल उठाए। आप नेताओं के अनुसार प्रदेश शिक्षा के मामले में 34वें स्थान पर है। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को बदहाल बताते हुए अस्पतालों में डॉक्टरों, दवाइयों और बुनियादी सुविधाओं की कमी दूर करने की मांग की। जर्जर और गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत, सड़कों पर घूम रहे मवेशियों के उचित व्यवस्थापन तथा गौधाम योजना में कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग भी उठाई गई।
आप नेताओं ने बढ़े बिजली बिल और बिजली दरों से परेशान जनता को राहत देने तथा बढ़ते अवैध नशे के कारोबार और मिलावटी शराब पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की। नेताओं ने कहा कि आप छत्तीसगढ़ की खराब सड़कों के मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रही है। उनके अनुसार, आंदोलन करने वाले नेताओं को जेल भेजा गया, जबकि अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी प्रदेश की सड़कों की खराब स्थिति को स्वीकार किया है।
आप की सात प्रमुख मांगें
एग्रीस्टेक पंजीयन को सरल किया जाए और रकबा समर्पण के नाम पर किसानों को परेशान करना बंद किया जाए।
सरकारी स्कूलों की बदहाली, शिक्षकों की कमी और गिरते शैक्षणिक स्तर में तत्काल सुधार किया जाए।
अस्पतालों में डॉक्टरों, आवश्यक दवाइयों और बुनियादी सुविधाओं की कमी दूर की जाए।
गौधाम योजना में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराई जाए और आवारा मवेशियों के उचित रखरखाव की व्यवस्था की जाए।
प्रदेश की जर्जर और गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराया जाए।
बिजली की बढ़ी दरों और अनाप-शनाप बिलों को वापस लेकर जनता को राहत दी जाए।
बढ़ते नशे के कारोबार और मिलावटी शराब पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मनोज गुप्ता, श्याम मूर्ति नायडू, संतोष यादव, राजेश मारकंडे, चित्र गुरुदेव, अज्जू बंजारे, निलेश सोनी, मनहरण वर्मा सहित आप के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


