खैरागढ़. पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव (आईपीएस) ने बुधवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले का भ्रमण कर विभिन्न पुलिस इकाइयों और कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसिंग की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, लंबित प्रकरणों, विवेचना और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
ड्रिल परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर कैश रिवार्ड
आईजी ने सबसे पहले रक्षित आरक्षी केंद्र में ड्रिल परेड का निरीक्षण किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें कैश रिवार्ड से पुरस्कृत किया। वहीं जिन पुलिसकर्मियों को सुधार की आवश्यकता महसूस हुई, उन्हें ड्रिल, अनुशासन और कार्यशैली में सुधार के निर्देश दिए गए। इसके बाद रक्षित आरक्षी केंद्र की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कार्यों को व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने की हिदायत दी।
पुलिस दरबार में सुनीं कर्मचारियों की समस्याएं
रक्षित आरक्षी केंद्र में पुलिस दरबार भी आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं सुनी गईं। आईजी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को टीम भावना, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
मदराकुही में प्रशिक्षण भवनों का अनावरण
इसके बाद आईजी ने नवीन रक्षित आरक्षी केंद्र, मदराकुही का निरीक्षण किया। यहां निर्माणाधीन दो प्रशिक्षण भवनों का अनावरण किया गया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा शेष कार्यों को गुणवत्तापूर्वक और निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। परिसर में वृक्षारोपण कर पौधों के संरक्षण और पुलिस परिसर को हरा-भरा बनाए रखने के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया।
एसपी कार्यालय की शाखाओं का भी किया निरीक्षण
आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों को व्यवस्थित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
छुईखदान थाने में अपराध और विवेचना की समीक्षा
भ्रमण के अंतिम चरण में थाना छुईखदान का भौतिक निरीक्षण किया गया। आईजी ने थाना परिसर के साथ अभिलेखों, दस्तावेजों, दर्ज प्रकरणों, मर्ग एवं विवेचना कार्यों की समीक्षा की। थाना पुलिस द्वारा किए गए अच्छे एवं उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए लंबित अपराधों और अन्य प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विवेचना की गुणवत्ता, साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन, प्रभावी वैधानिक कार्रवाई और न्यायालयीन प्रकरणों में बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया। साथ ही जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, प्रभावी पुलिसिंग, सतत गश्त तथा आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आईजी यादव ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया।


