खैरागढ़. जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई के सभाकक्ष में बुधवार को जिला पंचायत सामान्य प्रशासन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने की। बैठक में बरसात के कारण प्रभावित हुए विकास कार्यों को गति देने के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, कृषि समिति सभापति दिनेश वर्मा, संचार एवं संकर्म समिति सभापति ललित चोपड़ा, सहकारिता एवं उद्योग समिति सभापति जमुना नरेश कुर्रे, स्वास्थ्य, स्वच्छता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं जल संसाधन समिति सभापति अरुण राजू सिंह बनाफर, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण समिति सभापति भुनेश्वरी जीवन देवांगन और वन एवं खनिज समिति सभापति हेमलता मंडावी सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल, उप संचालक पंचायत राज तिवारी, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा योगेश आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
समिति ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, 15वें वित्त आयोग सहित जिला पंचायत के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की। अधिकारियों से पूर्ण हो चुके, प्रगतिरत और शेष कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने कहा कि बरसात के कारण प्रभावित निर्माण कार्यों में अब आवश्यकतानुसार तेजी लाई जाए। कार्यों की गुणवत्ता से समझौता किए बिना उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में समिति सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक सुझाव दिए। अधिकारियों ने विभागवार प्रगति की जानकारी के साथ आगामी कार्ययोजना से समिति को अवगत कराया। मैदानी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों को गति देने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।


