खैरागढ़. राज्य कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ के आह्वान पर 1 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में प्रस्तावित भारतीय मजदूर संघ (BMS) के राज्यव्यापी जंगी प्रदर्शन को लेकर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदर्शन में जिले के कर्मचारियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को शासकीय कन्या माध्यमिक शाला, खैरागढ़ में राज्य कर्मचारी संघ जिला KCG की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रायपुर पहुंचने की कार्ययोजना और कर्मचारियों की सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में पदाधिकारियों ने कर्मचारियों एवं पेंशनरों से जुड़ी विभिन्न लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया। इनमें छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करना, लंबित महंगाई भत्ता (DA/DR) के एरियर्स का भुगतान, चतुर्थ वेतनमान लागू करना, 25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को पूर्ण पेंशन का लाभ, प्रशासनिक न्यायाधिकरण की स्थापना, संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण, रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण तथा वेतन विसंगतियों का शीघ्र समाधान शामिल है।
इसके अलावा कर्मचारियों एवं पेंशनरों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा, विभिन्न विभागों में पदोन्नति, शिक्षक एलबी संवर्ग की नियुक्ति तिथि से सेवाकाल की गणना तथा पंचायत सचिवों का शासकीयकरण सहित अन्य कर्मचारी हितैषी मांगों को भी प्रदर्शन में प्रमुखता से उठाने पर सहमति बनी।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष मनोहर लाल चंदेल, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार वर्मा, जिला अध्यक्ष कोमल नारायण वर्मा, जिला सचिव अनुराग मालवीय, जिला संयोजक रामेश्वर वर्मा, जिला सहसंयोजक अर्जुन लाल वर्मा, लिपिक संघ अध्यक्ष अभिलेख सिंह, शिवकुमार राठौड़, चंदन मिंज, डेनिश साहू, संतोष कुमार कंवर, तोपचंद वर्मा और राज कुमार वर्मा सहित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में पदाधिकारियों ने जिले के समस्त कर्मचारी साथियों से 1 अक्टूबर को अधिक से अधिक संख्या में रायपुर पहुंचकर BMS के राज्यव्यापी प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। संघ ने कहा कि प्रदर्शन के माध्यम से कर्मचारियों के लंबित अधिकारों और मांगों को मजबूती से उठाया जाएगा।


