खैरागढ़. खैरागढ़ जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर ग्राम जालबांधा के करीब स्थित केमिकल फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खैरागढ़–दुर्ग मुख्य मार्ग पर स्थित फैक्ट्री से उठता काले धुएं का घना गुबार करीब 20 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 4 से 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन केमिकल सामग्री होने के कारण तीन घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। आग की भयावहता को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास के क्षेत्रों को खाली कराने की तैयारी की जा रही है। वहीं केमिकल जलने से वातावरण प्रदूषित होने और स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार आग कंपनी के केमिकल गोदाम में लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोदाम के ऊपर बने टीन शेड में कुछ मजदूर वेल्डिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान निकली चिंगारी नीचे रखे केमिकल के संपर्क में आ गई, जिससे आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी मजदूर या फैक्ट्री में कार्यरत व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
प्रशासनिक उदासीनता, भीड़ नियंत्रण नदारद
आग लगने की गंभीर घटना के बावजूद अब तक जिला या स्थानीय प्रशासन का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। आग देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग फैक्ट्री परिसर और आसपास के इलाकों में एकत्रित हो गए हैं। लगातार निकल रहा केमिकल युक्त धुआं वहां मौजूद लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है, इसके बावजूद न तो पुलिस विभाग और न ही प्रशासन की ओर से भीड़ को हटाने या इलाके को सील करने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं।
स्कूलों की छुट्टी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
सुरक्षा की दृष्टि से फैक्ट्री के आसपास स्थित स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है, ताकि बच्चों पर केमिकल प्रदूषण का असर न पड़े। वहीं, तीन घंटे से अधिक समय तक आग पर काबू न पाया जा सकने और प्रशासनिक मौजूदगी के अभाव ने कंपनी प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जिला प्रशासन की आपदा प्रबंधन क्षमता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दमकल कर्मियों द्वारा आग बुझाने का कार्य लगातार जारी है और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।




