खैरागढ़. शहर में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग के बीच बुधवार शाम ईतवारी बाजार क्षेत्र में हुए दर्दनाक एंबुलेंस हादसे के मामले में खैरागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 55 वर्षीय अधेड़ कमल नारायण तिवारी (उर्फ बेबे महाराज) की मौत के बाद फरार एंबुलेंस चालक को पुलिस ने कुछ ही घंटों में वाहन सहित हिरासत में ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार किल्लापारा निवासी कमल नारायण तिवारी अपने घर लौट रहे थे, तभी ग्रामीण बैंक के सामने तेज रफ्तार एंबुलेंस ने पहले सड़क पर खड़ी गाय को टक्कर मारी और अनियंत्रित होकर उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। वे सड़क पर गिर पड़े और एंबुलेंस का पहिया उनके पेट के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी चालक अजय शर्मा, पिता भारत शर्मा, निवासी दाढ़ी, जिला बेमेतरा को एंबुलेंस सहित हिरासत में ले लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि नगर क्षेत्र में बीते छह माह के भीतर एंबुलेंस से जुड़ा यह तीसरा सड़क हादसा है। लगातार हो रही घटनाओं से नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत भी महसूस की है। नागरिकों ने प्रशासन से भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त यातायात नियंत्रण व्यवस्था लागू करने की मांग की है।




