खैरागढ़. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की स्वीकृति के बाद खैरागढ़ में प्रस्तावित साहू समाज के जिला स्तरीय आयोजन को लेकर तैयारियों ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। जिला साहू संघ खैरागढ़–छुईखदान–गंडई के तत्वावधान में 14 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले भक्त माता राजिम महोत्सव, संत माता कर्मा एवं माता राजिम मंदिर निर्माण भूमि पूजन तथा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह को लेकर समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री की उपस्थिति से इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
शुक्रवार को रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला साहू समाज के संरक्षक बिसेसर साहू, जिला अध्यक्ष टीलेश्वर साहू, मनोहर साहू एवं सुरेश साहू ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से समय प्राप्त करने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे, जिसमें जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग मिला। 14 फरवरी को मुख्यमंत्री की सहमति मिलना समाज के लिए बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम का आयोजन कृष्णकुंज मां कर्मा धाम, ग्राम अकरजन, सिविल लाइन रोड, खैरागढ़ में किया जाएगा। सुबह मंदिर निर्माण का भूमि पूजन, हवन-यज्ञ, महाआरती, प्रसादी वितरण एवं भंडारे का आयोजन होगा। इसके पश्चात जिले की सभी इकाइयों के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न होगा।
मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, सांसद संतोष पांडे, विधायक रायपुर ग्रामीण मोतीलाल साहू सहित कई विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे। अध्यक्षता प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू करेंगे। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ के ख्यातनाम लोक कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
जिला अध्यक्ष टीलेश्वर साहू ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज की सभी तहसील, परिक्षेत्रीय एवं ग्राम इकाइयां सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं और समाज के सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।




