खैरागढ़. छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) व श्रम मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने शनिवार को खैरागढ़ प्रवास के दौरान सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों और जिले में चल रही गतिविधियों की समीक्षा की। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं, सेवा संकल्प अभियान के प्रभारियों तथा जिला कलेक्टर के नोडल अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान के तहत अब तक किए गए कार्यों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी ली गई।
मंत्री देवांगन ने अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित की जा रही विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
समीक्षा के बाद पत्रकारों से चर्चा में मंत्री से आगामी नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए हमेशा तैयार रहती है और खैरागढ़ नगर पालिका अध्यक्ष सहित सभी वार्डों में पार्टी जीत दर्ज करेगी।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पांडादाह मंडल में मंडल अध्यक्ष की कार्यशैली से नाराज कार्यकर्ताओं द्वारा इस्तीफा दिए जाने के सवाल पर मंत्री जवाब देने से बचते नजर आए। उन्होंने इसे संगठन का मामला बताते हुए इस संबंध में कोई विस्तृत टिप्पणी नहीं की।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी, दिनेश वर्मा, प्रकाश सिंह, विकेश गुप्ता, गोरेलाल वर्मा, नवनीत जैन, शशांक ताम्रकार, आयश सिंह, विनय देवांगन, देवीन कोठले, नीलिमा गोस्वामी, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, एसपी लक्ष्य शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


