खैरागढ़. ठेलकाडीह थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार ईको कार ने सड़क किनारे बस का इंतजार कर रही एक शिक्षिका और दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ठेलकाडीह प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षिका किरण तिवारी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद स्कूल के दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बच्चों का मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव में उपचार जारी है।
बताया गया कि किरण तिवारी रोज की तरह स्कूल की छुट्टी के बाद बस का इंतजार करने के लिए चौक पर खड़ी थीं। उनके साथ उसी स्कूल में पढ़ने वाले दो छात्र भी मौजूद थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही ईको कार अनियंत्रित होकर उनकी ओर आई और तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षिका और दोनों बच्चे उछलकर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शिक्षिका किरण तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों बच्चों का उपचार जारी है।
चश्मदीद ने बताई तेज रफ्तार की बात
हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ईको कार काफी तेज गति से आ रही थी। एक चश्मदीद ने वाहन की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे होने की बात कही। तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़े शिक्षिका व दोनों छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया।
डीईओ देवांगन अस्पताल के लिए रवाना
हादसे की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। जानकारी मिलते ही वे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव के लिए रवाना हो गए। शिक्षिका की मौत और दो छात्रों के घायल होने की खबर से पूरे जिले के शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षिका के निधन से शिक्षा विभाग और उनके सहकर्मियों में भी गहरा दुख है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही ठेलकाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ईको कार को अपने कब्जे में ले लिया है। वाहन से संबंधित लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारण, वाहन की गति और चालक की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। ठेलकाडीह पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल की छुट्टी के बाद बस का इंतजार कर रही शिक्षिका की मौत और दो बच्चों के गंभीर रूप से घायल होने की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।



