खैरागढ़. शनिवार की रात जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर ग्राम मुतेड़ा नवागांव में आमनेर नदी के किनारे कथित तंत्र क्रिया करते कुछ लोगों को ग्रामीणों ने संदिग्ध अवस्था में पकड़ लिया। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने की भनक लगते ही वहां मौजूद अधिकांश लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से दो लोगों को ग्रामीणों ने धर दबोचा, जिन्हें बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

मिली जानकारी अनुसार, नदी किनारे करीब आठ लोग अलग-अलग स्थानों से पहुंचकर धन निकालने के उद्देश्य से कथित तंत्र क्रिया कर रहे थे। पकड़े गए लोगों की पहचान दुर्ग निवासी अर्जुन चौहान और घुमका ब्लॉक के ग्राम बरबसपुर निवासी कन्हैया लाल साहू के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और फरार लोगों की तलाश में जुटी है।
कमर तक पानी पार कर रात 9 बजे मौके पर पहुंचे संवाददाता
घटना की जानकारी मिलने के बाद हमारे संवाददाता रात करीब 9 बजे कमर तक भरे आमनेर नदी के पानी को पार कर घटनास्थल तक पहुंचे। नदी के दूसरी ओर स्थित सुनसान इलाके में ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई थी। ग्रामीणों ने मौके पर संदिग्ध गतिविधियों और वहां मौजूद लोगों के संबंध में जानकारी दी।

हिरासत में लिए गए कन्हैया लाल साहू ने पूछताछ के दौरान बताया कि वहां अलग-अलग स्थानों से करीब आठ लोग पहुंचे थे। इनमें दुर्ग, दल्ली राजहरा सहित अन्य क्षेत्रों से लोगों के आने की बात सामने आई है। कन्हैया ने ग्राम अवेली निवासी बलवंत साहू को कथित रूप से इस गतिविधि का मुख्य सरगना बताया है।
तंत्र क्रिया सामग्री और जमीन संबंधी दस्तावेज बरामद

मौके से कथित तंत्र क्रिया से संबंधित सामग्री के साथ जमीन व बैंक संबंधी कई दस्तावेज भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। अब इन दस्तावेजों और अन्य सामग्री का वहां मौजूद लोग किस उद्देश्य से उपयोग कर रहे थे, इसका पता लगाने में पुलिस जुट गई है। पुलिस बरामद सामग्री और दस्तावेजों की जांच के साथ हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ कर रही है।
बाढ़ के कारण दूसरी ओर बस गया था गांव
ग्रामीणों के अनुसार, आमनेर नदी के जिस स्थान पर यह गतिविधि पकड़ी गई, वहां कई वर्ष पहले ग्रामीणों की बस्ती हुआ करती थी। लगातार बाढ़ की समस्या के चलते ग्रामीण नदी के दूसरी ओर जाकर बस गए। पुरानी बस्ती वाला यह इलाका अब अपेक्षाकृत सुनसान है। ग्रामीणों का दावा है कि गांव खाली होने के बाद से इस स्थान पर कई बार इसी तरह की कथित तंत्र क्रिया की गतिविधियां देखी गई हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सामग्री और जमीन संबंधी दस्तावेजों का कथित गतिविधि से क्या संबंध था और फरार छह लोगों की इसमें क्या भूमिका रही है।



