खैरागढ़. छत्तीसगढ़ की धार्मिक-आध्यात्मिक परंपरा का प्रमुख केंद्र माने जाने वाले श्री रूख्खड़ स्वामी मंदिर परिसर में आज मंगलवार से श्री रूख्खड़ स्वामी महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हो रहा है। यह वही पावन तपोभूमि है, जहाँ परम तपस्वी संत श्री रूख्खड़नाथ स्वामी जी ने वर्षों तक कठोर साधना कर सनातन धर्म की अलख जगाई। महोत्सव के दौरान खैरागढ़ क्षेत्र आस्था, साधना और भक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा।
तपोभूमि की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्ता

मान्यता है कि भगवान भोलेनाथ और माँ नर्मदा के अनन्य भक्त संत श्री रूख्खड़नाथ स्वामी जी की तपस्या से यह भूमि आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हुई। मंदिर परिसर में स्थित प्राचीन दक्षिणमुखी हनुमान जी की प्रतिमा को विशेष चमत्कारी माना जाता है। वहीं, विश्व में विरल भस्म स्वरूप शिव पीठ इस स्थल को अद्वितीय धार्मिक पहचान प्रदान करता है। वर्षों से यह स्थान श्रद्धालुओं के लिए साधना, सेवा और आस्था का केंद्र रहा है।
कलश यात्रा से महोत्सव का विधिवत शुभारंभ

महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार सुबह 10 बजे कलश यात्रा के साथ होगा। इसके पश्चात सुबह 11 बजे लोकर्पण एवं समाकक्ष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में खैरा से खैरागढ़ तक विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु भगवा ध्वज के साथ शामिल होकर धर्म, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश देंगे।
दिनभर होंगे वैदिक अनुष्ठान

दोपहर में ध्वज पूजन, भूमि पूजन, वेदी स्थापना एवं पूजन संपन्न होंगे। गोधूलि बेला में गो पूजन का आयोजन श्री रूख्खड़ स्वामी गो सेवा विहार में किया जाएगा।
शाम 5 बजे मंदिर परिसर में दिव्य हनुमंत अभिषेक एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता अपेक्षित है।
धर्म, साधना और सेवा का संदेश
उपाध्यक्ष भागवत शरण सिंह ने बताया कि यह महोत्सव धर्म, साधना, सेवा और जन-जागरण के मूल भाव के साथ आयोजित किया जा रहा है। महामंडलेश्वर श्री कान्हाजी महाराज एवं श्री देवा जी महाराज के पावन मार्गदर्शन में विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे।
श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील
ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष रामकुमार सिंह ने कहा कि महोत्सव के पहले ही दिन से खैरागढ़ क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बनने की प्रबल संभावना है। आयोजक समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक आयोजन के साक्षी बनने की अपील की है।




