रायपुर. प्रदेश के किसानों को होली से पहले बड़ी आर्थिक राहत देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृषक उन्नति योजना के तहत धान बोनस की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की। राजधानी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से राज्य के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम भी उपस्थित रहे। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि प्रदेश का किसान देश की खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और सरकार उनकी आर्थिक मजबूती के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के किसानों से संवाद भी किया और कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और खेती को लाभकारी बनाना है। बोनस की राशि मिलने के बाद प्रदेशभर में किसानों के बीच उत्साह का माहौल है।
सरकार का मानना है कि इस भुगतान से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों में किसानों को आर्थिक संबल प्राप्त होगा।




