खैरागढ़. स्व. विजयलाल चोपड़ा हाई स्कूल अमलीपारा में मंगलवार, 6 अक्टूबर को मेगा पालक सम्मेलन का आयोजन किया गया। प्राचार्य सुनील गुनी की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में विद्यार्थियों के त्रैमासिक परीक्षा परिणाम, शैक्षणिक गुणवत्ता और बच्चों की पढ़ाई को लेकर पालकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति सदस्य एवं समाजसेवी सुभाष चावड़ा, जिला पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष मो. याहिया नियाज़ी, अरविंद वर्मा सहित पालक नोहर कोसरे मौजूद रहे। पूर्व प्रभारी प्राचार्य ईश्वर प्रसाद ठाकुर, खिलेश साहू, सीएल साहू, अरविंद बंजारे, लता राजपूत, पूर्व माध्यमिक शाला की प्रधान पाठक गीता यादव, जयलक्ष्मी सिंह सहित बड़ी संख्या में पालक, विशेषकर माताएं उपस्थित रहीं।
बच्चों की पढ़ाई पर रखें विशेष नजर : गुनी
प्राचार्य सुनील गुनी ने पालकों से बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पालक कभी अचानक स्कूल पहुंचकर यह भी देखें कि उनका बच्चा नियमित रूप से स्कूल आ रहा है या नहीं। बच्चों के त्रैमासिक और अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम पर भी नजर रखें, क्योंकि वार्षिक परीक्षा में दोनों परीक्षाओं के 20-20 प्रतिशत अंक जुड़ते हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल का त्रैमासिक परीक्षा परिणाम फिलहाल 53 प्रतिशत रहा है। उन्होंने पालकों से अपनी परिस्थिति के अनुसार बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने और उन्हें सफलता के लिए लगातार प्रेरित करने की बात कही।
इन विद्यार्थियों ने हासिल किया पहला स्थान
त्रैमासिक परीक्षा परिणाम में कक्षा छठवीं में जानवी वर्मा प्रथम, जिगर साहू द्वितीय और थानेश्वरी तृतीय रहीं। सातवीं में दीपिका कोसरे प्रथम, भूमि वर्मा द्वितीय और बिंदेश्वरी जंघेल तृतीय रहीं। आठवीं में वर्षा वर्मा प्रथम, उज्ज्वल निषाद द्वितीय और दिनेश्वरी तृतीय रहीं। नौवीं में कुश्मी निषाद प्रथम, चंचल वर्मा द्वितीय और काजल वर्मा तृतीय रहीं। दसवीं में नील पाल प्रथम, रौशनी यादव द्वितीय और रेशमी साहू तृतीय स्थान पर रहीं।
सितंबर माह में शत-प्रतिशत स्कूल उपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों का भी उत्साहवर्धन किया गया। जनभागीदारी समिति के सदस्यों ने उन्हें उपहार स्वरूप पेन देकर सम्मानित किया।
असफलता से निराश न हों विद्यार्थी : नियाज़ी
विशिष्ट अतिथि मो. याहिया नियाज़ी ने कहा कि अच्छे अंक पाने वाले विद्यार्थी आगामी परीक्षाओं के लिए और बेहतर तैयारी करें, जबकि अनुत्तीर्ण विद्यार्थी निराश न हों। ईमानदारी से अधिक मेहनत करने पर सफलता निश्चित मिलेगी। उन्होंने मोबाइल के दुरुपयोग से बचते हुए उसके सदुपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल पर कई ज्ञानवर्धक एप उपलब्ध हैं, जिनका पढ़ाई में बेहतर उपयोग किया जा सकता है। साथ ही मां-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने की सीख दी।
नियाज़ी ने कम उम्र के बच्चों द्वारा जीवन के प्रति घातक निर्णय लेने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पालकों से बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार करने और उन पर विशेष ध्यान देने की अपील की, ताकि वे अकेलेपन या अवसाद में कोई गलत निर्णय न लें और अपनी हर छोटी-बड़ी बात पालकों से साझा कर सकें।
कम अंक वाले विद्यार्थी अधिक मेहनत करें : गीता यादव
पूर्व माध्यमिक शाला की प्रधान पाठक गीता यादव ने कहा कि त्रैमासिक परीक्षा में कई बच्चों के अंक कम आए हैं। विद्यार्थियों को आगे बेहतर पढ़ाई और प्रयास कर परीक्षा परिणाम सुधारने की जरूरत है। उन्होंने पालकों से घर पर भी बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। जनभागीदारी समिति सदस्य अरविंद वर्मा ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर पढ़ाई कर उज्ज्वल भविष्य बनाने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता अरविंद बंजारे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पूर्व प्रभारी प्राचार्य ईश्वर प्रसाद ठाकुर ने किया।


