खैरागढ़. सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत ग्राम पंचायत झूरानदी में ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई। पात्र हितग्राहियों से आवेदन भी लिए गए। शिविर में कुल 485 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 303 आवेदनों का निराकरण किया गया। विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत 30 हितग्राही लाभान्वित हुए।

शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, नवनीत जैन, भावेश कोचर, हमेश्वरी दिनेश वैष्णव, प्रकाश जंघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों तथा कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। अधिकारियों से सेवाओं, प्राप्त आवेदनों और ग्रामीणों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं तथा शासकीय योजनाओं से संबंधित समस्याओं की जानकारी भी ली।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल रहा है। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आने की अपील की। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री विक्रांत सिंह ने कहा कि शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय सेवाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि शिविर का उद्देश्य शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सहज रूप से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से ग्रामीणों को सुविधा मिली है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में आवश्यक सहयोग करने को कहा।
राजस्व के सबसे अधिक आवेदन

शिविर में राजस्व विभाग से संबंधित 286 आवेदन, स्वास्थ्य विभाग से 143, कृषि के 2, पशुपालन के 4, विद्युत के 3, आधार सेवा केंद्र के 6, वन विभाग का 1, खाद्य विभाग के 2, पंचायत के 20, समाज कल्याण के 15 तथा जनपद पंचायत छुईखदान से संबंधित 3 आवेदन प्राप्त हुए। अन्य विभागों के आवेदनों को मिलाकर कुल संख्या 485 रही, जिसमें 303 आवेदनों का निराकरण किया गया।
30 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में मत्स्य विभाग ने 2 हितग्राहियों को जाल, पंचायत विभाग ने 5 हितग्राहियों को आवास की चाबी, समाज कल्याण विभाग ने 15 हितग्राहियों को बैटरी ट्राइसिकल एवं छड़ी, उद्यानिकी विभाग ने 2 हितग्राहियों को चेक तथा महिला एवं बाल विकास विभाग ने 6 बालिकाओं को स्वच्छता कीट वितरित किए। समाज कल्याण विभाग द्वारा एक दिव्यांग हितग्राही को बैटरी चालित ट्राइसिकल भी प्रदान की गई। इससे उसे आवागमन और दैनिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा मिलेगी।
कई विभागों ने लगाए स्टॉल
शिविर में राजस्व, कृषि, विद्युत, आधार सेवा केंद्र, खाद्य, श्रम, पंचायत, स्वास्थ्य, नगर पंचायत गंडई, पुलिस, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, जल संसाधन, मत्स्य पालन, आयुष, वन, सहकारिता और लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और विभागीय सेवाओं की जानकारी दी गई। आधार केंद्र में आधार संबंधी सेवाएं, खाद्य विभाग ने राशन एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा श्रम विभाग ने श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। लोगों ने पानी के संरक्षण और स्वच्छ पेयजल के उपयोग का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर समाजसेवी घम्मन साहू, राजूलाल जंघेल, शशांक ताम्रकार, रोशन चंद्राकर, राजकुमार जंघेल सहित जनप्रतिनिधि, सीएमएचओ डॉ अनिल शुक्ला, एसडीएम अविनाश ठाकुर, नोडल अधिकारी डॉ पंकज वैष्णव, जिला परियोजना समन्वयक अखिलेश सिंह राजपूत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


