खैरागढ़. ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम पदुमतरा में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, पदुमतरा निवासी प्रार्थी 20 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे अपने पूरे परिवार के साथ रायपुर में आयोजित दसगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गया था। अगले दिन 21 अगस्त की शाम करीब 6 बजे जब वह वापस अपने घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर अलमारी में रखे सोने के जेवरात और नकदी गायब थी।
चोरी गए सामान में करीब 80 हजार रुपये कीमत का सोने का एक जोड़ी पुराना इस्तेमाल किया हुआ झुमका, करीब 30 हजार रुपये कीमत का आधा तोला सोने का एक जोड़ी टॉप, करीब 50 हजार रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र और 5 हजार रुपये नकद शामिल थे। चोरी की कुल संपत्ति की कीमत करीब 1 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर ठेलकाडीह पुलिस ने अपराध क्रमांक 150/2026, धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश में पुलिस ने चोरों की तलाश तेज की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम पदुमतरा निवासी सुखनंदन कुर्रे (36) पिता रोमनाथ कुर्रे और शत्रुहन भारती (36) पिता रोमनाथ भारती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने रोहित देवांगन के घर में रात के समय चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के जेवरात को गवाहों के समक्ष जप्ती पत्रक के माध्यम से बरामद किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों का कृत्य अपराध की उक्त धाराओं के तहत पाए जाने पर 8 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया।


