खैरागढ़. शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य, नवाचार और विद्यार्थियों के हित में उल्लेखनीय योगदान के लिए खैरागढ़ ब्लॉक के ग्राम सोनभट्ठा में पिछले 17 वर्षों से पदस्थ होनहार शिक्षिका नाज़रीन नियाज़ी को जिला स्तरीय प्रतिष्ठित मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण ‘ज्ञानदीप पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किया गया। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय खैरागढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में जिला स्तर के प्रमुख सम्मानों में शामिल इस पुरस्कार से नाज़रीन नियाज़ी ने संगीत नगरी खैरागढ़ के साथ पूरे केसीजी जिले का गौरव बढ़ाया है।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत केसीजी के उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मौजूद रहे। उन्होंने अपने करकमलों से नाज़रीन नियाज़ी को ज्ञानदीप पुरस्कार प्रदान किया। विशिष्ट अतिथियों में प्रभारी कलेक्टर प्रेम कुमार पटेल, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पालिका सभापति रूपेंद्र रजक, जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह बोनी और पांडादाह मंडल भाजपा अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा शामिल रहे। शिक्षा विभाग की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल केपी साव, खैरागढ़ बीईओ नीलम राजपूत, छुईखदान बीईओ गिरेंद्र सुधाकर, प्रभारी सहायक संचालक मनोहर चंदेल, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी किशोरी लाल अमेला तथा विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह राजपूत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इन नवाचारों ने दिलाया सम्मान
नाज़रीन नियाज़ी को विद्यार्थियों के हित में लगातार बेहतर गतिविधियां संचालित करने तथा शिक्षा को रोचक और उपयोगी बनाने के लिए सम्मानित किया गया। उनके कार्यों में ‘कबाड़ से जुगाड़’, प्रकृति संरक्षण के लिए सीड बॉल निर्माण, बालिका सुरक्षा एवं हाइजिन को लेकर सहभागिता, नवाचारी शिक्षा प्रयोग, प्रभावी शिक्षण और सामुदायिक सहभागिता जैसे कार्य प्रमुख हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों में रचनात्मकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया।
‘सम्मान के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी’
ज्ञानदीप पुरस्कार प्राप्त करने के बाद नाज़रीन नियाज़ी ने मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल केपी साव, खैरागढ़ बीईओ नीलम राजपूत, प्रभारी सहायक संचालक मनोहर चंदेल, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी किशोरी लाल अमेला, बीआरसी सुजीत सिंह चौहान, सभी उच्च अधिकारियों, माता-पिता, गुरुजनों और सहयोगी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “सम्मान देकर शिक्षा विभाग ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी है। आगे भी विभाग के उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में अपने प्रिय विद्यार्थियों के हित में निरंतर बेहतर कार्य करने का प्रयास करती रहूंगी।”
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य है कि उनके द्वारा पढ़ाए गए सभी विद्यार्थी बड़े होकर सही दिशा में आगे बढ़ें और अलग-अलग क्षेत्रों में बड़ी उपलब्धियां हासिल करें। वे अपने परिवार और गांव के साथ खैरागढ़ एवं केसीजी जिले का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।


