खबरों का प्रहरी न्यूज. जिले के अंतिम छोर स्थित घाघरा बटालियन कैंप में जवान की गोली लगने से मौत
खैरागढ़. जिले के खैरागढ़–लांजी मार्ग पर स्थित घाघरा गांव के समीप बने सीएफ बटालियन कैंप में तैनात एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई। यह घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। घटना के बाद जवान को तत्काल जिला मुख्यालय स्थित खैरागढ़ सिविल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को अस्पताल की शवगृह में सुरक्षित रखा गया है।
मृतक जवान की पहचान उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी सोनवीर जाट के रूप में हुई है, जो 17वीं सीएफ बटालियन में पदस्थ था। घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के खैरागढ़ पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार गोली चलाने वाला जवान भी उसी कैंप में पदस्थ है और मृतक का करीबी दोस्त बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, पुलिस या प्रशासन की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गोली कैसे चली, यह दुर्घटनावश हुई या किसी आपसी विवाद का परिणाम—इन सभी पहलुओं को लेकर जांच जारी है। घटना के बाद कैंप परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आधिकारिक बयान के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल प्रशासन ने मामले को संवेदनशील मानते हुए सतर्कता बढ़ा दी है।




