खैरागढ़. होली पर्व के मद्देनज़र आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों में विशेष जांच अभियान चलाया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के प्रमुख मिष्ठान एवं खाद्य दुकानों का सघन निरीक्षण किया।
उपसंचालक आशीष शर्मा एवं अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे की उपस्थिति में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने खैरागढ़ के मानव मंदिर स्वीट, जलाराम स्वीट, जनता स्वीट, बीकानेर राजेश्वरी स्वीट, श्री बीकानेर स्वीट तथा गंडई स्थित राजपुरोहित बीकानेर स्वीट सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों से कचौड़ी, मोतीचूर लड्डू, बेसन लड्डू, खोवा, पेड़ा, फाफड़ा, गुजिया, रसमलाई, केला चिप्स, मिक्सचर और अंजीर कतली जैसे खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
जांच के दौरान 2 विधिक एवं 18 सर्विलांस नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी (रायपुर) भेजे गए। साथ ही चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर ही 65 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 60 नमूने मानक अनुरूप पाए गए, जबकि 5 नमूने अवमानक निकले। खाद्य रंग से प्रभावित इन नमूनों को तत्काल नष्ट करवा दिया गया।
निरीक्षण के दौरान सभी व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा नियम 2011 के तहत स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री विक्रय के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रतिष्ठानों की खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन की भी जांच की गई, जो वैध पाए गए।
इस कार्रवाई में सहायक खाद्य अधिकारी संजय ठाकुर सहित विभागीय अमला उपस्थित रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्यौहारों के दौरान मिलावटखोरी रोकने और नागरिकों को सुरक्षित खाद्य उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




