खैरागढ़. जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र कोपरो, देवरच्चा एवं रामपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेते हुए गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, प्रसव पूर्व जांच (एएनसी), संस्थागत प्रसव तथा टीकाकरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में 100 प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए तथा नियमित प्रसव पूर्व जांच के साथ सुरक्षित संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।
इसके साथ ही उन्होंने सभी बच्चों का पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और टीकाकरण से वंचित बच्चों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, स्टाफ उपस्थिति और रजिस्टर संधारण की भी जांच की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।




