खैरागढ़. छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत छुईखदान के केकती बाड़ी मैदान में मंगलवार को जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर 115 जोड़े विधिवत वैवाहिक बंधन में बंधे, जिससे पूरा छुईखदान क्षेत्र उल्लास, परंपरा और सामाजिक समरसता के रंग में रंग गया।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और चर्चित दृश्य तब सामने आया, जब 115 दूल्हों की सामूहिक बारात बैंड-बाजे के साथ लगभग एक किलोमीटर लंबा पैदल मार्च करते हुए विवाह स्थल तक पहुंची। एक ही धुन पर थिरकते हजारों बाराती, मार्ग में पुष्पवर्षा और नागरिकों का उत्साह—पूरे नगर को उत्सवमय बना गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बारातियों का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग बना ‘घराती’
इस सामूहिक विवाह में महिला एवं बाल विकास विभाग ने घराती की भूमिका निभाई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दुल्हनों की सहेलियां बनीं और हल्दी, स्वागत सहित सभी पारंपरिक रस्मों को आत्मीयता के साथ संपन्न कराया। खैरागढ़ और छुईखदान विकासखंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को पारिवारिक और भावनात्मक स्वरूप प्रदान किया।
दहेज-विहीन विवाह को मिला ठोस आधार
शासन की ओर से नवविवाहित जोड़ों को डीबीटी के माध्यम से ₹35,000 की सहायता राशि तथा आवश्यक घरेलू सामग्री प्रदान की गई। इससे दहेज-विहीन विवाह को प्रोत्साहन मिला और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सशक्त सहयोग मिला।
जनप्रतिनिधियों ने सराहा सामाजिक पहल

कार्यक्रम में विधायक यशोदा वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, कलेक्टर इंद्रजीत कुमार चंद्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक श्रीमती वर्मा ने नवदंपतियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने योजना को बेटियों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार बताया, वहीं उपाध्यक्ष ने इसे गरीब माता-पिता के लिए बड़ा संबल कहा। कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने योजना की पारदर्शिता और डीबीटी व्यवस्था की जानकारी दी।
NSS वॉलिंटियर्स का अनुकरणीय योगदान
कार्यक्रम के सफल संचालन में रानी दुर्गा अवंती बाई कॉलेज, छुईखदान के एनएसएस वॉलिंटियर्स का योगदान उल्लेखनीय रहा। बारात व्यवस्था, अतिथि मार्गदर्शन, मंच सहयोग और अनुशासन बनाए रखने में उनकी भूमिका की सर्वत्र सराहना हुई।
पूरे नगर में उत्सव का माहौल

सामूहिक विवाह आयोजन ने छुईखदान को एक सामाजिक उत्सव में बदल दिया। नागरिकों ने शासन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी पी.आर. खूंटेल, जनपद पंचायत सीईओ केशवरी देवांगन, परियोजना अधिकारी रंजना श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सरपंच और बड़ी संख्या में वर-वधु के परिजन उपस्थित रहे।




