खैरागढ़/गंडई. बैंक से लोन दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी के एक मामले में गंडई थाना पुलिस ने भिलाई निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर ग्रामीणों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से भोले-भाले लोगों को शिकार बनाया।
थाना गंडई क्षेत्र के ग्राम ठढार निवासी अश्वनी कुमार जांगड़े (53) ने 9 फरवरी को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार आरोपी अभिषेक गिरी (22), निवासी कैंप-01 भिलाई, थाना छावनी, जिला दुर्ग ने केनरा बैंक दुर्ग से 36 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में नगद एवं ऑनलाइन माध्यम से रकम वसूल की। इस दौरान नगद 2 लाख 84 हजार 900 रुपये तथा मोबाइल फोन के माध्यम से विभिन्न खातों में राशि ट्रांसफर कराई गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने फोन-पे और बैंक खातों के जरिए अपने साथियों के खातों में भी रकम मंगवाई। कुल मिलाकर प्रार्थी से 8 लाख 26 हजार 570 रुपये की ठगी की गई। शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई, जिसके बाद आरोपी का पता लगाकर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह अपने गिरोह के साथ मिलकर लोन दिलाने का लालच देकर लोगों से रकम ऐंठता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 61(2) जोड़ते हुए 9 फरवरी की रात 8:35 बजे उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और ठगी के संभावित मामलों की भी जांच कर रही है।




