खैरागढ़. शहर की शराब दुकान अब केवल अवैध गतिविधियों ही नहीं, बल्कि मारपीट और गुंडागर्दी के केंद्र बनती जा रही हैं। आए दिन शराब दुकान और उसके आसपास मारपीट, झपटमारी व अव्यवस्था की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार रात खैरागढ़ में शराब दुकान के समीप एक चखना दुकानदार पर सामूहिक हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लालपुर निवासी बीरू बारले (पिता स्व. बैन बारले, उम्र लगभग 30 वर्ष) रोज की तरह शराब दुकान के पास ठेले में चखना दुकान लगाए हुए थे। इसी दौरान एक व्यक्ति चखना खरीदने आया। चखना देने के बाद जब दुकानदार ने उससे कीमत चुकाने को कहा तो वह व्यक्ति बहस करने लगा और पैसे देने से इनकार कर दिया। बात बढ़ते-बढ़ते विवाद में बदल गई।

बताया जा रहा है कि विवाद से नाराज उक्त व्यक्ति ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। करीब 20 से 25 युवकों ने एकजुट होकर चूड़ा, बीयर की बोतल और बांस के डंडों से बीरू बारले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बीरू को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मारपीट के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद लहूलुहान हालत में पड़े बीरू बारले को स्थानीय लोगों की मदद से थाना खैरागढ़ पहुंचाया गया, जहां से पुलिस वाहन द्वारा उन्हें जिला अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार बीरू के सिर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने शराब दुकान के आसपास बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर नाराजगी जताते हुए स्थायी पुलिस निगरानी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




