खैरागढ़. प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिन पर भाजपा संगठन द्वारा पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में भाजयुमो ने विशेष कार्यक्रम आयोजित किया।

प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरीहा के निर्देश व जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह की अगुवाई में हितग्राही संपर्क एवं सम्मान अभियान के तहत जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष घम्मन साहू, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा, जनपद सदस्य शैलेन्द्र मिश्रा और प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य शैलेन्द्र त्रिपाठी की मौजूदगी में ग्राम अमलीडीह कला वीबी जी राम जी कार्यस्थल पर जाकर कार्यरत मजदूरों के बीच केक काटकर मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाया गया।

साथ ही युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर जाकर महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को साल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। पांडादाह मंडल के ग्राम कटंगी खुर्द, छुईखदान मंडल के श्यामपुर, बाजार अतरिया मंडल के ग्राम करमतरा और ठेलकाडीह मंडल के ग्राम गातापार कला में भी युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने हितग्राहियों के सम्मान और जनसंपर्क के कार्यक्रम आयोजित किए।

इस कार्यक्रम से भाजपा युवा मोर्चा ने मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान और सामाजिक प्रतिबद्धता दोनों का संदेश दिया, जबकि जनता के बीच योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ सुनिश्चित करने का भी प्रयास किया गया।





