खैरागढ़. खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम नवागांव मुतेड़ा में बुधवार को आम आदमी पार्टी द्वारा किसान न्याय जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों से जुड़े स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए गए।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव पवन चंद्रवंशी ने कहा कि मुख्य मार्ग से ग्राम नवागांव तक की सड़क आज तक पक्की नहीं हो पाई है, जो क्षेत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे ग्रामीण विकास की अनदेखी का उदाहरण बताया।

कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी, संगठन महासचिव कमलेश स्वर्णकार, उपाध्यक्ष अशोक चौबे, खैरागढ़ जिला प्रभारी देविचंद्र चंद्रवंशी, किसान अध्यक्ष रमेश यादव, जिला अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता तथा जिला महासचिव श्याम मूर्ति नायडू सहित अन्य पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं पर विस्तार से अपनी बात रखी।
नेताओं ने आरोप लगाया कि खाद, बीज और यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सरकार विफल रही है। धान बेचने के लिए टोकन व्यवस्था की समस्याओं से किसान पूरे सीजन जूझते रहे। समर्थन मूल्य पर धान का एक-एक दाना खरीदने के वादे के बावजूद किसानों से रकबा समर्पण और घर-घर जाकर फसल का भौतिक सत्यापन कर उन्हें अपमानित किया गया।
सभा में यह भी कहा गया कि भारत जैसे कृषि प्रधान देश में, जहां बड़ी आबादी किसानों पर निर्भर है, हाल में अमेरिका के साथ कृषि उत्पादों पर हुए ट्रेड समझौते का असर भविष्य में किसानों पर नकारात्मक पड़ सकता है।
कार्यक्रम में संतोष यादव, चित्र गुरुदेव, प्रहलाद चंद्रवंशी, संदीप जंघेल, निलेश महोबे, राजेश्वरी वर्मा, मनहरण वर्मा, शीषलाल वर्मा, नरबद वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।




