खैरागढ़. छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत वित्त वर्ष 2025-26 के 1.72 लाख करोड़ रुपये के बजट को जिला भाजपा उपाध्यक्ष नीलिमा महेश गोस्वामी ने दूरदर्शी, संतुलित और विकासोन्मुखी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में 12 प्रतिशत अधिक है और गरीब, किसान, युवा, महिला एवं मध्यम वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
गोस्वामी ने कहा कि कृषि उन्नति योजना के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने में सहायक होगा। वहीं महतारी वंदन योजना हेतु 8200 करोड़ रुपये का प्रावधान महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सड़क परिवहन एवं अधोसंरचना विकास के लिए 2000 करोड़ रुपये तथा उद्योग और रोजगार संवर्धन के लिए 700 करोड़ रुपये की इंडस्ट्रियल सब्सिडी से प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने 12 नए इंजीनियरिंग कॉलेज और 12 पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने की घोषणा को युवाओं के भविष्य के लिए मील का पत्थर बताया। गोस्वामी ने कहा कि यह बजट शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और उद्योग के संतुलित विकास के माध्यम से वर्ष 2047 के विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ की सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करेगा।




