रायपुर/खैरागढ़. भारतीय जनता युवा मोर्चा ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस के कथित अमर्यादित आचरण के विरोध में शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन का घेराव किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकारिहा ने किया।

प्रदर्शन में लगभग दो हजार कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इससे पहले शुक्रवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया था।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकारिहा ने आरोप लगाया कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन देश की छवि को धूमिल करने वाला था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजनीतिक हितों को राष्ट्रीय सम्मान से ऊपर रखती है और इस प्रकार की गतिविधियां उसकी मानसिकता को उजागर करती हैं।

प्रदर्शन में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले से जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। खैरागढ़ से मंजीत सिंह, ऋषभ सिंह, अनीश सिंह, शिवांश बहादुर सिंह, मनीष ढीमर, प्रशांत कंडरा, श्रेष्ठ बहादुर सिंह, पवन सिंह, अवि भीमटे, गुलशन भगत, सागर रजक और अखिलेश पटेल उपस्थित रहे। अतरिया से प्रेम सागर गुप्ता, धुर्वा वर्मा और उमेश वर्मा शामिल हुए। गंडई से रवि भवनानी, राकेश टंडन, विक्की कुर्रे, लेखराम साहू, भानुप्रताप साहू, सिद्धार्थ तिवारी और जितेंद्र पटेल मौजूद रहे। छुईखदान से कमलेश साहू, लक्की नेताम और दादू ने भागीदारी की। नर्मदा क्षेत्र से बालकृष्ण वर्मा, दादू भेड़िया, प्रकाश गोलू और जॉनी मसखरे सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

घटनाक्रम के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। राजनीतिक हलकों में इस प्रदर्शन को लेकर चर्चा तेज है और माना जा रहा है कि आगामी दिनों में इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तीखे हो सकते हैं।




