खैरागढ़. जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के ‘संकल्प बजट’ का स्वागत करते हुए इसे जन आकांक्षाओं का प्रतिबिंब और राज्य के सर्वांगीण विकास का रोडमैप बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी तथा सांसद संतोष पांडे को बधाई देते हुए कहा कि यह बजट विकास को नई गति देगा।
विक्रांत सिंह ने कहा कि बजट में महिला सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना, महतारी सदन, सड़क, पानी और पुल-पुलिया निर्माण जैसे प्रावधान राज्य को विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में आगे बढ़ाने वाले हैं। युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं को प्रोत्साहित करने संबंधी घोषणाओं को भी उन्होंने सकारात्मक कदम बताया।
उन्होंने विशेष रूप से नवगठित खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के लिए स्वीकृत पुल, सड़क और अधोसंरचना परियोजनाओं को ऐतिहासिक बताया। इनमें कर्रा नाला, सुरही नदी और दनिया नाला पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण, विभिन्न ग्रामीण सड़कों का निर्माण व मजबूतीकरण, मल्टीपर्पस हॉल निर्माण तथा जिला जेल सुरक्षा से जुड़े कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कृषि व पशु रोग अन्वेषण प्रयोगशाला भवन को बजट में शामिल किए जाने पर भी राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।




