खैरागढ़. केसीजी जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पदाधिकारियों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह से सौजन्य मुलाकात की। यह भेंट आत्मीय एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें संगठनात्मक मजबूती, युवाओं की भूमिका और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
मुलाकात में केसीजी जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष अयूब सोलंकी, राजनांदगांव जिला भाजयुमो महामंत्री नोमेश वर्मा सहित जिले के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने सभी पदाधिकारियों को उनके नवीन दायित्वों के लिए बधाई देते हुए शुभकामनाएं प्रेषित कीं और संगठन के विस्तार में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया।
श्री सिंह ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा, भारतीय जनता पार्टी की रीढ़ है। युवाओं की ऊर्जा, समर्पण और वैचारिक प्रतिबद्धता से ही संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में युवा मोर्चा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर भाजयुमो पदाधिकारियों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष को श्रीराम का तैलचित्र भेंट किया। साथ ही जिले में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयासों का आह्वान किया गया। बैठक के दौरान समाजसेवी तरुण सिंह, आलोक श्रीवास, मंजीत सिंह, हर्ष वर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठनात्मक अनुशासन, टीमवर्क और निरंतर सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।




