खैरागढ़. केंद्रीय बजट 2026-27 के परिप्रेक्ष्य में महिलाओं की भूमिका, अवसर और सशक्तिकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिला भाजपा कार्यालय में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बजट में महिलाओं के लिए किए गए प्रावधानों की जानकारी देना और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य में मातृशक्ति की भागीदारी को सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता भाजपा की प्रदेश मंत्री डॉ. रेखा मेश्राम रहीं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ठोस पहल है। उन्होंने महिला सम्मान बचत पत्र, सुकन्या समृद्धि योजना, लखपति दीदी योजना, शी-मार्ट योजना, महिला उद्यमिता अभियान, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मेधावी छात्राओं के लिए स्कूटी योजना तथा स्किल डेवलपमेंट व जॉब प्लेसमेंट केंद्रों की स्थापना जैसे प्रावधानों को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का रोडमैप है।
खाद्य आयोग के अध्यक्ष एवं खैरागढ़ विधानसभा प्रभारी संदीप शर्मा ने संवाद के दौरान कहा कि बजट की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है और इसके लिए जमीनी स्तर पर निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष अधिवक्ता घम्मन साहू, महामंत्री नवनीत जैन, जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा, खम्हन ताम्रकार, मंडल अध्यक्ष गोरेलाल, नगर पंचायत अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जनपद सदस्य ज्योति जंघेल सहित महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सरपंच और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष उमा चौबे के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं के लिए प्रेरणादायी और मार्गदर्शक सिद्ध हुआ। उपस्थित महिलाओं ने बजट को जनहितकारी बताते हुए इसे आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में मजबूत आधार करार दिया।




